संस्कृत : धातु रुप प्रकरण

धातु रूप से सम्बंधित सामान्य जानकारियाँ – धातु रूप से सम्बंधित जानकारियाँ निम्न प्रकार समझा जा सकता है –

[1]. धातु – जिन शब्दों के द्वारा किसी काम का करना या होना पाया जाता है , उसे क्रिया कहते है | संस्कृत में क्रिया ‘के मूल शब्दों को “ धातु ” कहते है | धातु शब्द का अर्थ है- स्थापित करना , धारण करना , रखना आदि | पठति, हसति, क्रीडति आदि क्रियाओं की क्रमश: पठ् , हस् , क्रीड् धातुएँ हैं| संस्कृत साहित्य के शब्द , रूपों के रूप में सुरक्षित है  |

[2]. लकार परिचय – वैयाकरणों ने वाक्य में प्रयोग होने वाले क्रिया के काल या वृत्ति को “ लकार ” कहा है | संस्कृत भाषा में लकारों की संख्या 10 ( दस ) है | जिससे विभिन्न कालों एवं स्थिति की जानकारी प्राप्त होती है | लकारों के सम्बंध में निम्न श्लोक द्वारा प्रकाश डाला गया है —

लट् वर्तमाने लेट् वेदे भूत लुङ् , लङ् , लिट् तथा |

विध्याशिषोsस्तु लिङ् लोटौ लुट् लृट- लृङ् च भविष्यत: |

इसमें इस लकारों का वर्णन है | जो इस प्रकार है – लट् , लिट् , लुट् ,लृट् , लेट् , लोट् , लङ् , लिङ् , लुङ् , लृङ् |

इनमें लेट् लकार का प्रयोग केवल वैदिक संस्कृत में होता है | वहाँ इस लकार का प्रयोग लिङ् लकार के अर्थ में होता है |

इसमे दो प्रकार के लकार होते है – (i) आशिर्लिङ्  (ii) विधिलिङ् |

संस्कृत भाषा के लकार विभिन्न कालों के वाचक होने के साथ – साथ कुछ लकार आज्ञा , आशीर्वाद आदि अर्थ- विशेष को भी द्योतित करते है |

[3] दस लकारों के नाम व अर्थ का सामान्य परिचय – दस लकारों के नाम उनके अर्थ सहित नीचे दिए जा रहे है | पाठक गण उसका अवलोकन अवश्य करें –

 (i). लट् लकार ( वर्तमान काल ) – वर्तमान काल के अर्थ को प्रदर्शित करने के लिए लट् लकार का प्रयोग होता है |

(ii) लङ् लकार ( भूतकाल ) – यदि कोई कार्य भूतकाल ( बीते हुए समय ) में हो तो वहाँ लङ् लकार का प्रयोग होता है |

(iii) लृट् लकार ( भविष्यत काल ) – लृट् लकार भविष्यत् काल का बोध कराता है |

(iv) लोट् लकार ( आज्ञा के अर्थ में ) – यदि वाक्य में आज्ञा या आदेश सम्बंधी कथन हो तो वहाँ लोट् लकार होता है |

(v) विधिलिङ् लकार ( चाहिए के अर्थ में ) – जब किसी को कोई परामर्श या विधि बतानी हो तो वहाँ बिधिलिङ् लकार का प्रयोग होता है |

(vi) लिट् लकार ( परोक्ष भूतकाल ) – भूतकाल की उस अवस्था में लिट् लकार का प्रयोग होता है , वक्ता ने जिसका प्रत्यक्ष दर्शन न किया हो | अर्थात् ऐसा भूतकाल जो अपने साथ घटित न होकर किसी इतिहास का विषय हो | वहाँ लिट् लकार का प्रयोग किया जाता है |

(vii) लुङ् लकार ( सामान्य भूतकाल) – सामान्य भूतकाल के व्यापार को लक्षित करने के लिए इस लकार का प्रयोग होता है | वह काल जो कभी भी बीत चुका हो | इस लकार के नियम बहुत अधिक एवं जटिल है | जिसका विस्तृत अध्ययन हेतु पाठक गण अन्य संदर्भ ग्रंथ का अध्ययन कर सकते है |

(viii) लुट् लकार ( अनद्यतन भविष्य काल )- जो आज का दिन छोड़ कर आगे होने वाला हो , वहाँ लुट् लकार का प्रयोग होता है |

(ix) आशिर्लिङ् लकार (आशीर्वाद हेतु ) – जहाँ किसी को आशीर्वाद देना हो,  वहाँ आशिर्लिङ् लकार का प्रयोग होता है |

(x) लृङ् लकार ( हेतुहेतुमद् भविष्य काल ) – ऐसा होगा तो ऐसा होगा , इस प्रकार के अर्थ देने वाले वाक्यों में लृङ् लकार का प्रयोग होता है |

नोट –संस्कृत के सामान्य जानकारी हेतु प्राय: लोग 5 लकारों यथा – लट् , लङ् , लृट् , लोट् , बिधिलिङ् से ही काम चला लेते है | परंतु विस्तृत जानकारी हेतु दसों लकारों का ज्ञान अपेक्षित है |  

[4] धातु गण – संस्कृत भाषा में धातुओं की संख्या 1880 है , जो दस भागों में विभक्त है | इन धातु समूहों हो “ गण ” कहा जाता है | प्रत्येक गण की प्रतिनिधि धातु होती है , उसी के नाम पर गण का नाम रखा गया है | जिसे निम्न तलिका द्वारा समझा जा सकता है |

            धातुओं के दस गण

क्र.स.     गण का नाम   गण की प्रतिनिधि धातु     गण की कुल धातु संख्या
1भ्वादिगणभू 1035
2अदादिगणअद्72
3जुहोत्यादिगणहु24
4दिवादिगणदिव्240 /140
5स्वादिगणसु35
6तुदादिगणतुद्157
7रुधादिगणरुध्25
8तनादिगणतन्10
9क्रयादिगणक्री61
10चुरादिगणचुर्321 /411
योग= 1880 *

 

[5] पुरूष – संस्कृत भाषा में तीन पुरूष होते हैं – प्रथम पुरुष , मध्यम पुरुष , उत्तम पुरूष | जिसका विवरण निम्न है –

(i) प्रथम पुरूष – प्रथम पुरुष को अन्य पुरुष भी कहा जाता है | अस्मद् और युष्मद् शब्द के कर्ताओं को छोड़कर शेष सभी जितने भी कर्ता हैं , वे सभी प्रथम पुरूष के अंतर्गत आते है | उदाहरण – स: पठति  | राम: गच्छति | लता खेलति |

(ii) मध्यम पुरुष – इसमें केवल युष्मद् शब्द के कर्ता का प्रयोग होता है | अन्य किसी भी प्रकार के कर्ता का प्रयोग नहीं होता है | उदाहरण- त्वम् पठसि |

युवाम् गच्छथ: | यूयम् लिखथ |

(iii) उत्तम पुरूष- इसमें भी केवल अस्मद् शब्द के कर्त्ता का प्रयोग होता है |अन्य किसी भी प्रकार के कर्त्ता का प्रयोग नहीं होता | उदाहरण – अहम् पठामि | आवाम् गच्छाव: | वयम् पठाम: |

[6] व चन –संस्कृत भाषा में तीन वचन होते हैं – एकवचन , द्विवचन , बहुवचन |

(i) एकवचन – जिससे एक वस्तु/ व्यक्ति का बोध होता है | उसे एकवचन कहते हैं | उदाहरण – बालक: पठति |

(ii) द्विवचन – जिनसे दो वस्तुओं/ व्यक्तियों का बोध होता है | उसे द्विवचन कहते है | उदाहरण – बालकौ पठत: |

(iii) बहुवचन – जिससे दो से अधिक वस्तुओं/ व्यक्तियों+ का बोध होता है | उसे बहुवचन कहते है | उदाहरण- बालका: पठन्ति |

[7] धातुओं के भेद –  संस्कृत भाषा में धातुओं को तीन भागों में बाटा गया है , जिसे तीन पद भी कहते है – परस्मैपद , आत्मनेपद , उभयपद |

(i)  परस्मैपद- ऐसा वाक्य जो कर्तृवाच्य हो , वहाँ परस्मैपद धातु का प्रयोग होता है | यह कर्ता अर्थ में होती है और क्रिया फल की प्राप्ति दूसरों को होती है | अर्थात् जिन क्रियाओं का फल कर्ता को छोड़कर अन्य ( कर्म ) को मिलता है ,उन्हे परस्मैपद धातु कहा जाता है | परस्मैपदी धातु कर्मवाच्य या भाववाच्य में नहीं होता हैं |

परस्मैपदी धातुएँ यथा – गम् , पठ् , लिख् …………. आदि हैं |

(ii) आत्मनेपद – जिन क्रियाओं का फल सीधा कर्ता पर पड़ता हो , उसे आत्मनेपद कहते है | ऐसे वाक्यों में आत्मनेपदी धातुओं का प्रयोग होता है | कर्मवाच्य एवं भाववाच्य में सभी धातुएँ आत्मनेपदी होते हैं |

आत्मनेपदी धातुएँ यथा- नी , लभ् ……… आदि हैं |

(iii) उभयपद – जिन क्रियाओं के रूप परस्मैपद और आत्मनेपद दोनों प्रकार से चलते है , उन्हे उभयपद कहते है | नियमानुसार रूप का प्रयोग किया जाता है |

उभयपदी धातुएँ यथा – नी , कृ , ब्रू ………… आदि हैं |


Comments are closed.

वेबसाइट के होम पेज पर जाने के लिए क्लिक करे

Donate Now

Please donate for the development of Hindi Language. We wish you for a little amount. Your little amount will help for improve the staff.

कृपया हिंदी भाषा के विकास के लिए दान करें। हम आपको थोड़ी राशि की कामना करते हैं। आपकी थोड़ी सी राशि कर्मचारियों को बेहतर बनाने में मदद करेगी।